बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलिरामपुर में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विक्की राय और मोहन सिंह के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। गेहू का बोझा उठाने को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हो गया।
विक्की राय का परिवार जैसे ही गेहू का बोझा उठाने खेत पर पहुंचा, मोहन सिंह ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनो पक्षों में लाठी-डंडे और पत्थरबाजी शुरू हो गई। मारपीट की इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। विक्की राय समेत दो लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

योजना बना कर पति पर हमला करने का आरोप’ विक्की राय की पत्नी ब्यूटी राय ने मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके पति पर हमला किया। घटना के समय वह भी मौके पर थीं। आरोपियो ने उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। उन्होंने पुलिस से आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा की मांग की है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दोनो ं पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।