बक्सर: जिले मे भाजपा के पूर्व सांसद लालमुनि चौबे की श्रद्धांजलि सभा आज मनाई जा रही है। इस सभा में बिहार के राज्यपाल और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल भी पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने इस दौरान विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 24 मार्च को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ज्योति चौक, डीएवी मोड़, अंबेडकर चौक पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में दो रूट तय किए गए हैं। पहला रूट गोलंबर से दानी कुटिया तक है। दूसरा रूट गोलंबर से ईटाढ़ी गुमटी तक निर्धारित किया गया है।
अत्यावश्यक सेवाओं के लिए रहेगी छुट: रोगियों, एंबुलेंस और अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को टिकट साथ रखना होगा, तभी आगे जा पाएंगे। शहर में 24 मार्च को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग न करने की अपील की है।
ये लोग होंगे शामिल: बता दें कि लालमुनि चौबे के 9 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन बक्सर के नगर भवन में किया जा रहा है। जिसमें बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान उद्घाटन कर्ता, तो वही मुख्य अतिथि के रूप मे जम्मू व कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा होंगे, वही विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा दिलीप जायसवाल, केन्द्रीय मंत्री, भारत सरकार गिरिराज सिंह, बेतिया के सांसद संजय जायसवाल पूर्व विधायक सह लोकसभा प्रत्याशी, बक्सर मिथिलेश तिवारी मौजूद रहेंगे।