बक्सर में जमीन फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है, जिसमे 58 साल पहले मृत मंगरी देवी के नाम पर सोआ मौजा में 16 कट्ठा जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर दी गई। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग मे हड़कंप मच गया है। मृतका के बेटे दिवाकर मिश्रा ने बताया कि उनकी मां मंगरी देवी की मौत 15 अक्टूबर 1967 को हो गई थी। बावजूद इसके कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज़ो के सहारे उनके नाम पर ज़मीन की रजिस्ट्री करा ली।
तीन महीने में रद्द हुई फर्जी रजिस्ट्री: घोटाले की भनक लगते ही मामला प्रशासनिक स्तर पर पहुंचा। जांच के बाद तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री रद्द कर दी गई। हालांकि इस कार्रवाई से पहले जमीन की बिक्री प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी, जिससे कई कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं।
धोखाधड़ी के आरोप में 9 के खिलाफ केस दर्ज: कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने मामले में 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियो मे भगवान सिंह, रामायण सिंह, मोतीलाल सिंह, शिव बिहारी सिंह, मुन्ना सिंह, अजय कुमार सिंह, रामाशंकर सिंह, मनर्जिय देवी और पवित्रा देवी शामिल हैं। इन पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, और भूमि हड़पने के आरोप लगे हैं। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, और दोषियो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।