सिमरी: तिलक राय हाता ओपी क्षेत्र के छोटका राजपुर गांव में शुक्रवार की शाम सेना से सेवानिवृत्त अरुण कुमार सिंह ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डुमरांव एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घरेलू विवाद में की आत्महत्या: मिली जानकारी के अनुसार मृतक अरुण कुमार सिंह छोटका राजपुर गांव के निवासी थे। सेना से रिटायर होने के बाद वह बक्सर में अपना घर बनाकर रहते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को घरेलू विवाद के कारण वे गांव लौटे थे। शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे उन्होंने अपने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का किसी के साथ कोई विवाद नहीं था।
क्या कहते हैं अधिकारी: डुमरांव एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।